बस्ती - भारतीय किसान यूनियन भदौरिया के प्रदेश उपाध्यक्ष ठाकुर सर्वेश सिंह उर्फ कन्हैया सिंह के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी बस्ती को सौंपा। संगठन ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। संगठन ने ज्ञापन में तीन प्रमुख मामलों को उठाया है ।
जिसमें पहला मामला बिशनपुरवा बेलवावाड़ी का है जहां एक दलित महिला उर्मिला देवी पत्नी राजेश को उसके प्रधानमंत्री शहरी आवास से दबंगों द्वारा बाहर कर दिया गया। पीड़िता अपने बच्चों के साथ ठंड में खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। बस्ती कोतवाली पुलिस को शिकायत के बावजूद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई।
वहीं दूसरा मामला ग्राम पंचायत तेजू नगर का है जहां साधना पत्नी गंगाराम, ग्राम पंचायत तेजू नगर की निवासी है तथा उनका नाम खतौनी में दर्ज होने के बावजूद गांव के दबंग राजेंद्र पुत्र समय द्वारा जालसाजी करके जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है।
तथा तीसरा मामला कोटवा बाजार के पटेल हॉस्पिटल का है जहां के डाक्टर पर 155,000 रुपए की धोखाधड़ी के आरोप में महिला मीरा देवी ने शिकायत की है कि डॉ. बी. के. वर्मा ने नौकरी के नाम पर पैसे लिए। पीड़िता का कहना है कि डॉक्टर ने यह भी कहा कि “प्रशासन और पुलिस उनकी जेब में हैं, हम कुछ नहीं कर सकते।”
संगठन ने बताया कि इन मामलों को लेकर पहले भी धरना दिया गया था, लेकिन प्रशासन द्वारा अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई । संगठन ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि समय रहते इन मामलों का निस्तारण नहीं किया गया, तो वे बस्ती जिलाधिकारी कार्यालय के सामने आमरण अनशन शुरू करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
