संतकबीरनगर-जनपद संत कबीर नगर के लिए गौरव का क्षण उस समय आया जब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा विवेकानंद यूथ अवार्ड से सम्मानित रिजवान मुनीर का गुरुवार को जनपद में प्रथम आगमन हुआ। उनके उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों को देखते हुए मुख्यमंत्री द्वारा यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया है।
गुरुवार को जनपद पहुंचने पर रिजवान मुनीर का टेमा चौराहे पर जनपदवासियों, खासकर तपा उजियार क्षेत्र के लोगों ने ढोल-नगाड़ों, गाजे-बाजे एवं फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। इसके बाद स्वागत जुलूस के साथ वे विकास खंड सेमरियावां के सभागार कक्ष पहुंचे, जहां आयोजित कार्यक्रम में उनका माल्यार्पण कर अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम के पश्चात रिजवान मुनीर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रदेश सरकार एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने जनपद संत कबीर नगर के सम्मानित नागरिकों, विशेषकर तपा उजियार क्षेत्र की जनता का धन्यवाद ज्ञापित किया। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भविष्य में भी वे तपा उजियार एवं संपूर्ण जनपद संत कबीर नगर के विकास के लिए निरंतर संघर्ष करते रहेंगे तथा जनपद को हरा-भरा और समृद्ध बनाने का प्रयास लगातार जारी रहेगा।
इस अवसर पर सुभाषपा नेता अब्दुल अजीम, सपा नेता सुबोध यादव, वसीम, अबुजर चौधरी, गुफरान मुनीर, एजाज मुनीर, बब्बु चौधरी, जियायुद्दीन सहित सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित रहे
