ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से छात्रा की मौत, परिवार में मचा कोहराम !


संतकबीरनगर :- दुधारा थाना क्षेत्र के मेलान खुर्द में शनिवार को मिट्टी लदी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से 16 वर्षीय साइकिल सवार छात्रा आंचल की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मां बिंदु देवी बेटी की मौत के सदमे में बार-बार बेहोश हो जा रही हैं। मां का विलाप देखकर ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं।

मेलान खुर्द निवासी रामजीत की बेटी आंचल बस्ती जिले के रुधौली स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज, गोठवा में कक्षा 11 की छात्रा थी। शनिवार को वह स्कूल से पढ़ाई कर साइकिल से घर लौट रही थी। इसी दौरान मेलान खुर्द में मिट्टी लादकर सेमरियावां की ओर जा रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में आंचल की मौके पर ही मौत हो गई।

आंचल तीन बहनों में दूसरे नंबर पर थी। उसे परिवार की होनहार बेटी बताया गया। उसकी असमय मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

इस संबंध में दुधारा थानाध्यक्ष अमित कुशवाहा ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक को हिरासत में ले लिया गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने