संतकबीरनगर :- सोशल ऑडिट निदेशालय के निर्देश पर प्रदेशभर में सामाजिक अंकेक्षण कराया जा रहा है। इसी क्रम में संतकबीरनगर जिले के बेलहरकला, बघौली और हैंसर विकास खंडों में सोशल ऑडिट टीमों द्वारा ग्राम पंचायतों में सामाजिक अंकेक्षण किया जा रहा है।
बेलहरकला विकास खंड की ग्राम पंचायत मठियापार और भेड़ौरा-पिकौरा में सोशल ऑडिट टीम ने खुली बैठक आयोजित कर विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। टीम कोऑर्डिनेटर ने ग्रामीणों के सामने एमआईएस रिपोर्ट पढ़कर सुनाई। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हुए कार्यों की समीक्षा की गई।
टीम ने ग्राम पंचायतों में मनरेगा के तहत कराए गए विकास कार्यों का स्थलीय सत्यापन किया। इस दौरान अभिलेखों में दर्ज कार्यों की स्थिति का जायजा लेने के साथ ग्रामीणों से भी फीडबैक लिया गया, ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन और कार्यों की वास्तविक स्थिति की जानकारी मिल सके।
सामाजिक अंकेक्षण का उद्देश्य सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करना और ग्रामीणों को विकास कार्यों से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराना है। इस दौरान ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राजेश्वर सिंह, रोजगार सेवक उमेश कुमार, ग्राम प्रधान बलजीत निषाद सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।
