मेंहदावल से बेलौली संपर्क मार्ग का शिलान्यास, विकास को मिलेगी नई रफ्तार !


संत कबीर नगर - अनिल त्रिपाठी ने मेंहदावल विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को नई दिशा देते हुए ब्लॉक मुख्यालय सोनवरसा मोड़ पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मेंहदावल ब्लॉक से बौधरा बाबा देवस्थान होते हुए बेलौली संपर्क मार्ग का शिलान्यास कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
शिलान्यास कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस अवसर पर विधायक ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह संपर्क मार्ग क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण से कछार क्षेत्र और मेंहदावल नगर के बीच दूरी कम होगी, जिससे आवागमन सुगम एवं सुरक्षित बनेगा।
विधायक ने कहा कि बौधरा बाबा के श्रद्धालुओं को इस मार्ग के निर्माण से विशेष सुविधा मिलेगी। साथ ही स्थानीय व्यापारियों और किसानों को भी आवागमन में सहूलियत मिलेगी, जिससे व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष गंगाराम निषाद, लालबहादुर चौहान, बृजनंदन पाठक, टुनटुन राय, जिला मंत्री हैप्पी राय, महेश पांडेय, सुभसागर पांडेय, लोक निर्माण विभाग के कर्मचारीगण तथा बड़ी संख्या में सम्मानित क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने