संत कबीर नगर। मेहदावल बस स्टेशन से प्रयागराज के लिए नई बस सेवा का शुभारंभ आज क्षेत्रीय विधायक अनिल त्रिपाठी ने सुबह 11:30 बजे फीता काटकर किया। इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।
बस स्टेशन से वर्तमान में कई प्रमुख शहरों के लिए नियमित सेवाएं संचालित हो रही हैं। मेहदावल से बस्ती सुबह 8:00 बजे, गोरखपुर से बांसी सुबह 6:30 बजे तथा 7:00 बजे से हर 35-40 मिनट पर बस उपलब्ध है। मेहदावल से लखनऊ और कानपुर के लिए सुबह 6:30 बजे, प्रयागराज के लिए सुबह 7:00 बजे, जबकि प्रयागराज से मेहदावल शाम 6:00 बजे बस चलती है। इसके अलावा सोनौली के लिए सुबह 7:40 व 9:00 बजे, अयोध्या के लिए सुबह 10:00 बजे, गोरखपुर के लिए सुबह 8:00 बजे तथा महाराजगंज के लिए सुबह 11:30 व 12:30 बजे बस सेवा संचालित है।
व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी नहीं होने के बावजूद यात्रियों की अपेक्षाकृत कमी देखने को मिल रही है। बस स्टेशन प्रभारी रामसागर राय ने बताया कि मेहदावल बस स्टेशन पर वे अकेले प्रभारी हैं। कई बार उन्हें खलीलाबाद व बस्ती जाना पड़ता है, जिससे स्टेशन पर कोई प्रभारी मौजूद नहीं रहता। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि बस स्टेशन पर एक सुरक्षा गार्ड व एक सहयोगी कर्मचारी की तैनाती की जाए, ताकि उनकी अनुपस्थिति में भी यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रचार-प्रसार बढ़ाया जाए और बुनियादी सुविधाएं सुदृढ़ की जाएं तो बस सेवाओं का लाभ अधिक से अधिक यात्रियों तक पहुंच सकता है।
