सफेद बालू और कथित घटिया ईंट से बन रहा अन्नपूर्णा भवन, कब होगी जांच ?


संतकबीरनगर :- विकासखंड बेलहर कला की ग्राम पंचायत औरहिया मंझरिया में निर्माणाधीन अन्नपूर्णा भवन की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि भवन की जोड़ाई में कथित तौर पर सफेद बालू और घटिया गुणवत्ता की ईंट का इस्तेमाल किया जा रहा है। मामले को लेकर खंड विकास अधिकारी ने जांच कराए जाने की बात कही है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत औरहिया मंझरिया में वर्ष 2025-26 में अन्नपूर्णा भवन निर्माण कार्य स्वीकृत हुआ है। इसकी कुल स्वीकृत लागत 8 लाख 39 हजार 345 रुपये है। इसमें 1 लाख 14 हजार 325 रुपये मजदूरी मद और 7 लाख 25 हजार 20 रुपये सामग्री मद के लिए निर्धारित हैं। अब तक मजदूरी मद में 44 हजार 604 रुपये खर्च होने तथा 177 मानव दिवस सृजित होने की जानकारी है।

ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से बंद पड़ा निर्माण कार्य करीब चार-पांच दिनों पहले दोबारा शुरू हुआ है। निर्माण शुरू होते ही इस्तेमाल की जा रही सामग्री की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जोड़ाई में सफेद बालू और अपेक्षाकृत कमजोर ईंट का प्रयोग किया जा रहा है। उन्होंने निर्माण सामग्री की तकनीकी जांच और कार्य का स्थलीय सत्यापन कराने की मांग की है।

हालांकि, निर्माण सामग्री को लेकर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। सामग्री की वास्तविक गुणवत्ता तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी धन से बन रहे भवन में निर्धारित मानकों का पालन जरूरी है। मामले में खंड विकास अधिकारी शैलेश कुमार मुरारी ने कहा कि अन्नपूर्णा भवन निर्माण कार्य की जांच कराई जाएगी। जांच में कोई दोषी पाया गया तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने