नाबालिग से छेड़छाड़, मारपीट व दुकान में लूट का आरोप, थाने में हुई शिकायत !


संतकबीरनगर जिले के मेहदावल थाना क्षेत्र अंतर्गत ढोढ़ चौराहे पर स्थित एक फास्ट फूड की दुकान पर नाबालिग किशोरी से कथित छेड़छाड़, दुकान संचालक से मारपीट तथा दुकान में लूटपाट करने का आरोप लगा है । पीड़ित दुकान संचालक ने इस संबंध में मेहदावल थाने में लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित के अनुसार, कुछ लोग दुकान पर आए और नाश्ता-पानी करने के बाद दुकान पर कार्यरत महिला की नाबालिग बेटी के साथ कथित रूप से छेड़छाड़ करने लगे। जब इसका विरोध किया गया तो आरोपियों ने नाबालिग किशोरी और उसकी मां के साथ धक्का-मुक्की की।
घटना के दौरान शोर सुनकर मौके पर पहुंचे दुकान संचालक ने जब बीच-बचाव किया तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। शोरगुल बढ़ने पर चौराहे पर मौजूद लोग एकत्रित हो गए, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पीड़ित का आरोप है कि कुछ देर बाद आरोपी गोलबंद होकर दोबारा दुकान पर पहुंचे और फिर से दुकान संचालक के साथ मारपीट की। इस दौरान चौराहे के लोग जुटे तो आरोपी दोबारा वहां से भाग निकले।
शिकायत में बताया गया है कि मारपीट के दौरान आरोपी दुकान में रखे करीब 10,200 रुपये नकद भी लूटकर ले गए। पीड़ित ने करीब आधा दर्जन लोगों को नामजद करते हुए थाने में तहरीर दी है। बताया जा रहा है कि सभी आरोपी मेहदावल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत पचनेऊरी के निवासी हैं। फिलहाल मामले में कितनी सच्चाई है यह जांच के बाद ही पता चल पाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने