संतकबीरनगर - बेलहर कला थाना बेलहर कला अंतर्गत बीएम सिटी मार्ग पर स्थित पड़रिया पुल के नीचे शनिवार को आमी नदी में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। नदी किनारे से गुजर रहे राहगीरों ने पानी में शव तैरते देखा और तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी।
सूचना मिलने पर बेलहर कला पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में ले लिया। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है, जिसके लिए पुलिस आसपास के गांवों तथा सोशल मीडिया के जरिए शिनाख्त करवा रही है।
अचानक नदी में शव मिलने की खबर फैलते ही क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। लोग इसे संदिग्ध मानते हुए हत्या की आशंका भी जता रहे हैं ! पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा ।
पुलिस द्वारा आसपास के थानों व जनपदों में भी सूचना भेजी जा रही है ताकि लापता लोगों के आधार पर मृतक की पहचान सुनिश्चित की जा सके। अधिकारी मामले की हर पहलू पर जांच कर रहे हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि नदी के किनारे और पुल के आसपास रात्रि में निगरानी व्यवस्था मजबूत की जानी चाहिए ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी हुई है और पहचान होने का इंतजार किया जा रहा है।
